राजोरी के थन्ना मंडी में तलाशी अभियान चलाते जवान।
राजोरी। थन्नामंडी तहसील के पंगाई इलाके में आतंकवादियों की धरपकड़ के लिए पुलिस और सेना का तलाशी अभियान रविवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। सेना के पैरा कमांडो और पुलिस के एसओजी के जवान पंगाई इलाके के सटे जंगलों को खंगालने का सिलसिला जारी रहा। समाचार लिखे जाने तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी थी।
सैन्य सूत्रों के अनुसार पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर कर रखा है। जल्द ही बचे आतंकवादियों को भी मार गिराया जाएगा। अभी भी पंगाई इलाके के जंगलों में दो से तीन आतंकवादियों के छिपे होने की संभावना है, जिनको ढेर करने के लिए सेना के पैरा कमांडो और एसओजी अभियान चला रही है। बता दें कि शुक्रवार को उक्त इलाके में सेना और पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में दो आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया था और भारी मात्रा में गोला बारूद बरामद किया गया था।