राजोरी। जिले में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शकर मार्ग और गिरगिन घाटी में सात झीलों के लिए पांच दिवसीय ट्रेकिंग अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसमें प्रदेश सहित अन्य राज्यों के करीब सौ ट्रैकर्स के भाग लेने की संभावना है।
ट्रेकिंग अभियान 14 सितंबर को बौद्ध खनारी (दहराल) के आधार शिविर से शुरू होगा और 18 सितंबर को खरीमर्ग में समाप्त होगा। इस दौराना तीन सांस्कृतिक दल भी ट्रैकर्स के साथ चलेंगे। रविवार को ट्रैकिंग अभियान के सुचारु संचालन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए डीसी राजेश के. शवन की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। इसमें उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देना और युवाओं में पर्यावरण और स्थानीय वनस्पतियों और जीवों के बारे में रोमांच और जागरूकता की भावना को बढ़ावा देना है।
डीसी ने संबंधित अधिकारियों को अभियान में ट्रैकर्स की अधिकतम भागीदारी और सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राजोरी डेवलपमेंट अथॉरिटी के सीईओ को तीन दिन में प्रतिभागियों का पंजीकरण पूरा करने के लिए कहा गया। सीएमओ को डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की एक टीम को तैनात करने और यह सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिया गया कि ट्रैकर्स के लिए सभी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। पुलिस को प्रतिभागियों की पूर्ण सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई।