राजोरी। जिले के समोट स्थित सेना की राष्ट्रीय राइफल बटालियन ने सोमवार को स्वर्णिम विजय वर्ष और कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में ड्राइंग और पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया।
इस पेंटिंग प्रतियोगिता का विषय स्वर्णिम विजय वर्ष- हमारे शहीद नायकों को श्रद्धांजलि था। इसका उद्देश्य 1971 के भारत-पाक युद्ध की जीत के 50 वर्ष पूरे करना, 22वां कारगिल विजय दिवस मनाना और ऑपरेशन विजय के दौरान देश के वीरों के वीरतापूर्ण कार्यों के बारे में लोगों में जागरूकता पैदा करना था। साथ ही, छात्रों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना भी था।
10 से 16 वर्ष के बच्चों के लिए इस चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कुल 87 बच्चों ने भाग लिया। ड्राइंग और पेंटिंग प्रतियोगिता के लिए छात्रों को आवश्यक स्टेशनरी और सहायक उपकरण प्रदान किए गए। माता-पिता, स्थानीय लोगों और बच्चों ने सेना के प्रति आभार व्यक्त किया और भारतीय सेना के बहादुरों को श्रद्धांजलि दी।