राजोरी। रोशनी गोले के खाली खोल मिलने की जांच कर पुलिस ने नौशेरा में दो घरों से 22 रोशनी गोले बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में अब तक पांच लोगाें को हिरासत में लिया है। वहीं, 105 एमएम के रोशनी गोले मिलने से पुलिस समेत तमाम सुरक्षा एजेंसियां सकते में आ गईं हैं। विस्फोटकों के विशेषज्ञों के अनुसार रोशनी गोले के बारूद से शक्तिशाली आईईडी बनाई जा सकती है। ऐसे में खाली खोल और गोले बरामद होने के तार आतंकियों से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इससे पूर्व राजोरी में एक कबाड़ी की दुकान से रोशनी गोले के 22 खाली खोल मिलने पर मामला दर्ज किया गया था।
जानकारी के अनुसार राजोरी में खाली खोल मामले में युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस और सेना को इन युवकों ने बताया कि वे रोशनी गोलों के खाली खोल नौशेरा से लाते हैं। नौशेरा के कुछ लोग कहीं से शेल लाते हैं, लेकिन वह शेल से बारूद निकाल कर कबाड़ियों को बेच देते हैं। बुधवार को राजोरी से पुलिस और सेना की विशेष टीम ने उन घरों में दबिश दी, जहां से युवकों ने खाली शेल खरीदे थे। छानबीन के दौरान दो घरों से 105 एमएम के 22 लाइव शेल बरामद हुए। ये लाइव शेल रोशनी गोले हैं, जिन्हें फील्ड गन में प्रयोग किया जाता है। दो दिन की कार्रवाई में पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।