राजोरी में चननी से चांद देखने के साथ पति की फोटो मोबाइल में देखती महिला।
राजोरी। सनातन संस्कृति का पावन पर्व करवाचौथ रविवार को जिले भर में श्रद्धा पूर्वक मनाया गया। सुहागिनों में सजने की होड़ रही। श्रृंगार करके कथा सुनी और पति की लंबी उम्र की दुआ की। बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया और चांद निकलने पर अर्घ्य देकर व्रत खोला। महा पर्व के कारण सुबह से ही बाजारों में रौनक छाई रही।
-----
मेहंदी एवं मेकअप पर खास ध्यान
करवाचौथ के उपलक्ष्य में सुबह से ही महिलाओं में काफी उत्साह रहा। देर शाम तक महिलाएं मेहंदी लगवाने के लिए कॉस्टमेटिक की दुकानों एवं मॉल में पहुंचती रहीं, जिससे दिनभर काफी भीड़भाड़ रही। मेहंदी लगवाने को लेकर महिलाओं में अधिक रुचि देखी गई। इसके लिए दुकानों पर कार्य करने वाली युवतियां तथा युवक विशेषतौर से इसी कार्य के लिए लगे थे। महिलाओं की पसंद राजस्थानी तथा दुल्हन मेहंदी अधिक रही। इसी तरह ब्यूटी पार्लर में भी मेकअप कराने के लिए महिलाओं की अच्छी खासी भीड़ रही, जिसके कारण ब्यूटी पार्लर संचालकों के यहां भी रौनक बनी रही। बाजारों में भी सुहागिनों से संबंधित आइटमों की भी काफी मांग रही। त्योहार के चलते शाम को बाजारों से लेकर रेस्टारेंटों में काफी भीड़भाड़ रही।
------
सामूहिक रूप से सुनी कथा
करवाचौथ व्रत कुछ महिलाओं ने निराहार तो कुछ सरगी लेकर प्रारंभ किया। इसके बाद दोपहर बाद महिलाओं ने सामूहिक रूप से करवाचौथ माता की कहानी सुनकर सुहागिनों अपनी सास को सम्मान के प्रतीक करवा व अन्य सामान भेंट किया। करवा एवं अन्य सामग्री भेंट करने की परंपरा के चलते शहर में जगह-जगह करवा एवं अन्य मिठाई की दुकानें सजी थीं। इन दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की काफी भीड़ देखी, जिससे करवा की भी काफी बिक्री हुई। करवा के अलावा अन्य मिठाइ एवं फलों की भी काफी बिक्री हुई।
------
शाम से ही रहा चांद का इंतजार
पति की दीर्घायु के लिए किए जाने वाले इस व्रत के लिए महिलाएं दिन भर निराहार रही तथा शाम होते ही चांद के लिए उनका इंतजार तेज हो गया। चांद निकलने के बाद महिलाओं ने अर्घ्य दिया तथा पति की लंबी उम्र की कामना की दुआ मांगी।