जिले के मंजाकोट क्षेत्र में मंगलवार को सुबह करीब 11 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की डूबने से मौत हो गई। जिले की दरहाल तहसील के चौकियां गांव का निवासी युवक मोहम्मद जहांगीर पुत्र मोहम्मद मुंशी मंजाकोट स्थित अपनी बहन के घर पर रहता था। मंगलवार सुबह कुछ लोगों ने उसके शव को स्थानीय नदी में तैरते देखा।
तत्काल पुलिस को सूचित किया गया और पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लिया। मौत की खबर लगते ही मृतक की बहन के परिजन भी वहां पहुंचे और पुलिस से उलझने लगे। जानकारी के अनुसार पुलिस शव को पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल लाना चाहती थी, जबकि मृतक के परिजन इस बात पर अड़ गए कि जब तक दरहाल से उसके अभिभावक नहीं पहुंचते, पोस्टमार्टम न करवाया जाए।
मृतक की बहन और अन्य परिजन अभिभावकों के मंजाकोट पहुंचने का इंतजार करने की जिद्द पर अड़े रहे। इसी बीच परिजनों ने राजोरी पुंछ हाईवे जाम कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। हाईवे जाम की स्थिति पैदा होते देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांत करवाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। पुलिस ने उन पर हल्का लाठीचार्ज शुरू कर दिया। नाराज प्रदर्शनकारियों ने भी पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।
इस झड़प में कुछ लोग मामूली तौर पर घायल भी हुए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ मंजाकोट जाकिर शाहीन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिला कर शांत करवाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि पुलिस ने लोगों पर कोई अत्याचार किया है तो इसकी जांच होगी व किसी को बक्षा नहीं जाएगा। वहीं पुलिस ने आरपीसी की धारा 174 संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला दर्ज कर शव को मंजाकोट के सरकारी अस्पताल में रखा है।
परिजनों के वहां पहुंचने पर पोस्टमार्टम करने के बाद शव को परिवार के हवाले किया जाएगा।