बाबा गुलाम शाह बादशाह विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति घोटाले की जांच के लिए एसएसपी डा. हसीब मुगल द्वारा गठित विशेष टीम ने वीरवार को विवि कैंपस का दौरा कर जांच में तेजी लाई।
एसडीपीओ थन्नामंडी इफ्तकार तालिब की अध्यक्षता में गठित विशेष पुलिस टीम ने विवि कैंपस का दौरा कर छात्रवृत्ति से जुड़े सभी रिकार्ड की जांच की। एसडीपीओ ने बताया कि जांच के लिए पुलिस ने विवि के उस कार्यालय को भी जब्त कर लिया है, जिसमें सारा रिकार्ड रखा गया है। प्राथमिक जांच में अभी तक घोटाला करीब 10 लाख रुपये तक का आंका जा रहा है।
एसडीपीओ के अनुसार, इस आंकड़े में वृद्धि भी हो सकती है। उधर, विशेष पुलिस टीम ने दरहाल व दरहाल के रैकीबां क्षेत्र के जम्मू कश्मीर बैंक शाखाओं से कई चेक व अन्य रिकार्ड भी जब्त कर लिया है।
इस संबंध में एसएसपी डा. हसीब मुगल ने बताया कि अभी तक की जांच में सामने आया है कि करीब दो लाख से अधिक की छात्रवृत्ति के चेक बैंक के एक कर्मचारी ने अपने नाम पर जमा कर दिए थे।
इसमें अभी तक दस लाख तक का घोटाला नजर आ रहा है। वहीं एसएसपी ने बताया कि पूरे मामले में विवि के कुछ कर्मचारियों और अन्य उच्च अधिकारियों के नाम भी सामने आ रहे हैं।
बिना विवि की मिलीभगत के इतना बड़ा घोटाला बैंक कर्मचारी अकेला नहीं कर सकता। एसएसपी ने बताया कि इस संबंध में बैंक ने पहले ही रैकीबां शाखा के कर्मचारी एजाज मलिक को निलंबित कर दिया है।
वहीं इस संबंध में विवि के वाइस चांसलर प्रो. आईए हमाल ने बताया कि विवि अपने स्तर पर भी मामले की जांच कर रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बहुत जल्द दूूध का दूूध, पानी का पानी हो जाएगा।