फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गाड़ी रोकी तो लेफ्टिनेंट कर्नल ने हेड कांस्टेबल को जमकर पीटा

Fri, 29 May 2015 12:59 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
आर्मी के लेफ्टिनेंट कर्नल (एनएसजी) विक्रम जीत सिंह ने कार रोकने पर ट्रैफिक के हेड कांस्टेबल नरवीर सिंह को बीच सड़क जमकर पीटा। इतना ही नहीं लेफ्टिनेंट कर्नल ने हेड कांस्टेबल के हाथ से चालान बुक भी छीनकर फाड़ दी। घटना की सूचना पर पहुंची सेक्टर-31 थाना पुलिस ने विक्रम जीत सिंह और उनकी कार को हिरासत में लिया।
विज्ञापन


विवाद वीरवार दोपहर साढ़े 12 बजे एयरपोर्ट के लाइट प्वाइंट पर हुआ। शाम पांच बजे पुलिस ने हेड कांस्टेबल के बयान पर आर्मी के कर्नल विक्रमजीत सिंह के खिलाफ ऑन ड्यूटी पुलिस कर्मी से मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज कर लिया है।

घटना की कहानी पीड़ित की जुबानी: ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल नरवीर सिंह ने बताया कि वह साथियों के साथ एयरपोर्ट के लाइट प्वाइंट पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उन्होंने कार क्रूज (सीएच-01-एडी-9848) को कागज चेक करने के लिए रोका। कार के शीशे हल्के ब्लैक थे। इतना ही नहीं कार की नंबर प्लेट भी हाई सिक्योरिटी की नहीं थी। आरोप है कि जब उन्होंने कार चालक से कागज मांगे तो लेफ्टिनेंट कर्नल विक्रम जीत सिंह नीचे उतर आए।
विज्ञापन


वह सिविल वर्दी में थे। उन्होंने बिना परिचय दिए कहा कि तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई गाड़ी रोकने की। उन्होंने चालान करने के लिए जैसे ही चालान बुक निकाली और लिखने लगे तो लेफ्टिनेंट कर्नल विक्रमजीत सिंह ने बुक हाथ से छीनकर उसमें से पेज 8 और 9 नंबर को फाड़ दिया। विरोध करने पर वह हाथापाई पर उतर आए। उन्होंने जमकर मारपीट की। जिससे उनके आंख और मुंह सूजन आई है। उन्होंने हेड कांस्टेबल की वर्दी भी फाड़ दी। घटना की सूचना पर सेक्टर-31 थाना पुलिस पहुंची।

पहले हिरासत फिर हवालात: सेक्टर-31 थाना पुलिस ने हेड कांस्टेबल नरवीर सिंह के बयान दर्ज किए और उनका मेडिकल कराया। इसके बाद लेफ्टिनेंट कर्नल विक्रमजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया। केस दर्ज होते ही कर्नल विक्रमजीत सिंह को हवालात में डाल दिया। जबकि दोपहर साढ़े 12 से शाम साढ़े चार बजे तक उन्हें हिरासत में लेकर ऑफिस में बिठाए रखा। विवाद पर जब मीडिया कर्मियों ने कर्नल से उनका पक्ष जानने की कोशिश की तो थाने में तैनात पुलिस कर्मियों ने कर्नल से नहीं मिलने दिया।

यह कहना है कर्नल के ड्राइवर का: लेफ्टिनेंट कर्नल के ड्राइवर ने बताया कि साहब दिल्ली से चंडीगढ़ किसी जरूरी काम से आए थे। उन्हें हेड कांस्टेबल नरवीर सिंह ने एयरपोर्ट के लाइन प्वाइंट पर रोका। जैसे ही गाड़ी रुकी साहब उतरकर जवान के पास गए। जबकि वह कार में ही बैठा रहा। कुछ देर बाद जब वह कार से बाहर निकला तो देखा कि दोनों के बीच हाथापाई हो रही है।

भूपिंदर सिंह, एसएचओ, सेक्टर-31 थाना ने बताया कि लेफ्टिनेंट कर्नल विक्रमजीत सिंह के खिलाफ ऑन ड्यूटी पुलिस जवान से मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें