राजोरी। शहर के एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता बालकृष्ण रविवार को सड़क हादसे में घायल हो गए। वे स्कूटी से कहीं जा रहे थे, जब एक कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार कांग्रेसी नेता बालकृष्ण रविवार की शाम राजोरी से मुरादपुर की ओर जा रहे थे। जब वह शहर के पंज पीर इलाके में पहुंचे, तो सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में वे बुरी तरह से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। उपचार कर रहे डॉक्टर के अनुसार उनकी हालत गंभीर है। हादसे के समय मौके पर मौजूद कुछ चश्मदीदों ने बताया कि कार को ट्रैफिक पुलिस में तैनात एक पुलिसकर्मी चला रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार चालक को पकड़ने के लिए प्रयास में जुट गई है।