राजोरी। राजोरी-जम्मू हाईवे स्थित चिंग्स इलाके में शनिवार की रात्रि करीब 10 बजे उस समय बवाल मच गया, जब पुलिस ने नदी नालों से खनन कर रहे कुछ लोगों को खनन रोका।
जानकारी के अनुसार उक्त इलाके में कुछ लोग नदी में खनन कर रहे थे। पुलिस ने छापा मारकर खनन उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। इस बीच कुछ लोगों की पुलिस से झड़प हुई। उसके बाद लोगों ने जम्मू-राजोरी हाईवे जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। हाईवे जाम कर प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर रात को टायर जलाए और यातायात बंद कर पुलिस के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी की। उन्होंने पुलिस पर कुछ खास लोगों को खनन करने की अनुमति देने का आरोप लगाते हुए बताया कि पुलिस सभी के साथ एक जैसी कार्रवाई नहीं करती। कई लोग रात में खनन करते हैं लेकिन पुलिस सिर्फ उन लोगों को रोकती है जिनके साथ पुलिस की सांठगांठ नहीं और बाकी खनन में शामिल हैं।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि जब पुलिस मौक़े पर पहुंची तो वो लोग कोई खनन नहीं कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उनके साथ मारपीट की। करीब तीन घंटे के प्रदर्शन के बाद एसएचओ समीर जिलानी ने पहुंच कर लोगों को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसएचओ के आश्वासन के बाद लोगों ने पुलिस को चेतावनी देते हुए प्रदर्शन खत्म किया कि यदि लोगों के साथ मारपीट करने वाले पुलिस जवानों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो वो लोग फिर से प्रदर्शन का सहारा लेंगे।