राजोरी और रियासी के लापता युवक शोपया से बरामद
राजोेरी। राजोेरी और रियासी जिलों के बर्फ से प्रभावित ऊपरी इलाकों में लापता हुए दो युवकों को सेना व पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन में कश्मीर घाटी के शोपियां से बरामद किया है। दोनों की गुमशुदगी की रिपोर्ट 24 अक्टूबर को बुद्धल थाने में दर्ज कराई गई थी।
इसमें यह बात सामने आई कि राजोरी के तरगयी निवासी हनीफ शाह पुत्र जावेद शाह और रियासी के हसोट चासाना खादम शाह पुत्र मुजामल शाह 22 अक्टूबर को भेड़-बकरियों के साथ पैदल कश्मीर के लिए निकले थे, लेकिन तेज बारिश और बर्फबारी के चलते वो लापता हो गए। उसके बाद उनके साथ आगे कोई संचार संभव नहीं हो पाया। सूचना मिलने पर बुद्धल थाने से एक पुलिस दल और सेना की एक टीम को खोज एवं बचाव अभियान के लिए बर्फ से ढके पहाड़ों में भेजा गया, जबकि रियासी की पुलिस ने भी इस अभियान के लिए टीमों को भेजा।
इस बीच एक विशिष्ट तकनीकी अभ्यास शुरू किया गया और सेना व पुलिस ने लापता दोनों ग्रामीणों का पता लगाने के लिए तकनीकी साक्ष्य के आधार पर जानकारी एकत्र की। इस तकनीकी कवायद के आधार पर सेना व पुलिस ने शोपियां के मोनी महल इलाके से लापता दोनों युवकों का पता लगा लिया। संपर्क करने पर जिला पुलिस शोपियां हरकत में आई और लापता ग्रामीणों से संपर्क स्थापित करने में सहायता की, जिन्हें अब सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। एसएसपी शीमा नबी क़स्बा ने लोगों से अपील की है कि वे बर्फ से ढके पहाड़ों और क्षेत्रों पर न जाएं और केवल उन्हीं पटरियों पर चलें जो सर्दियों के मौसम में सुरक्षित हैं।