सुंदरबनी । पहाड़ी क्षेत्र के गांव मकोल नाला से 14 अगस्त रात को लापता हुआ रिंकू मेहरा सोमवार को मिल गया। पुलिस के अनुसार रिंकू मेहरा निवासी मकोल नाला संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गया था। परिजनों ने 15 अगस्त को थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। नौ दिन तक गांववासियों तथा पुलिस की ओर से मकोलनाला तथा आसपास के गांवों में उसे काफी तलाश करने के बाद जब रिंकूं मेहरा का कोई सुराग नहीं लगा तो सोमवार को मकोल नाला के पास के ही जंगल में रिंकू मेहरा किसी बक्करवाल के घर पहुंचा और बक्करवाल समुदाय के लोगों ने उसके परिजनों को इसकी सूचना दी। इसके बाद परिजनों ने बक्करवाल के घर पहुंचकर रिंकू मेहरा को अपने घर लाए। पुलिस को रिंकू के मिलने की सूचना दी। इस संबंध में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर एसडी सिंह का कहना है कि रिंकू के मिलने के बाद सभी ने राहत की सांस ली है। अभि वह कुछ बताने की स्थिति में नहीं है। उससे पूछताछ की जा रही है ताकि उससे पता लगाया जा सके कि वह इतने दिन कहां और कैसे रहा है।
वन विभाग ने एक बीट गार्ड एक गांव कार्यक्रम के तहत पौधरोपण अभियान चलाया
सुंदरबनी। गांव अपर भजवाल बी में वन विभाग की ओर से सुंदरबनी रेंज में एक बीट गार्ड एक गांव कार्यक्रम के तहत पौधरोपण अभियान चलाया गया। अपर भजवाल बी पंचायत के सरपंच सतपाल शर्मा तथा पंचों द्वारा इस कार्यक्रम में शामिल होकर पौधरोपण अभियान को सफल बनाया गया। बीट गार्ड इशान रैना तथा प्रखंड वनाधिकारी एस. रंगील सिंह द्वारा इस कार्यक्रम में पंचायती नुमाइंदों के सहयोग से फलदार तथा औषधीय पौधे लगाए गए। लोगों में पौधों घास तथा फलों के बीज का वितरण किया गया। इस मौके पर रेंज अधिकारी राकेश वर्मा तथा सरपंच अपर भजवाल सतपाल शर्मा ने एक बीट गार्ड एक गांव कार्यक्रम के तहत पौधरोपण अभियान में शामिल होने के लिए सभी लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि वन विभाग की ओर से चलाए जाने वाले ऐसे कार्यक्रमों में लोग बढ़चढ़ कर भाग लें। संवाद