राजोरी। जिले के फलयाना स्थित सेना की 525 एएससी बटालियन के संदिग्ध परिस्थितियों में मृत जवान के शव को सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद उसके पैतृक गांव भेज दिया गया।
सैन्य सूत्रों के अनुसार शव का पोस्टमार्टम जीएमसी राजोरी में डॉक्टरों के एक बोर्ड ने किया। उसके बाद सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोपहर बाद शव उसके गांव भेज दिया है। बता दें कि रविवार की शाम को करीब 8 बजे उक्त बटालियन के जवान अरविंद सिंह चौहान निवासी बेऔरी एटा उत्तर प्रदेश को संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका पाया गया था। शव को कब्जे में लेने के बाद सेना ने कोर्ट ऑफ़ इन्क्वारी के आदेश जारी कर मौत के कारणों का पता लगाना शुरू कर दिया है।