परियोजना उन्नति : आईटीआई राजोरी में डेयरी और वर्मीकम्पोस्ट पर 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
- फोटो : RAJOURI
राजोेरी। एडीसी पवन कुमार ने आईटीआई में डेयरी और वर्मी कंपोस्ट पर दस दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसका आयोजन ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान द्वारा परियोजना उन्नति के तहत किया गया।
बता दें कि उन्नति परियोजना का उद्देश्य अकुशल मनरेगा श्रमिकों को उनके कौशल आधार में सुधार के लिए प्रशिक्षण देना है। निदेशक रमन कुमार ने बताया कि यह योजना प्रति परिवार एक वयस्क सदस्य (18 से 45 वर्ष के बीच) को प्रशिक्षित करने के लिए है, जिसने पिछले वित्तीय वर्ष में मनरेगा के तहत 100 दिन का काम पूरा किया है। उन्होंने यह भी बताया कि आधार पहचान के माध्यम से उम्मीदवारों का पंजीकरण किया जाता है। एडीसी ने कहा कि यह परियोजना मनरेगा के श्रमिकों को उनके कौशल में सुधार करने के उद्देश्य से कौशल प्रशिक्षण प्रदान करती है। सरकार स्थानीय स्तर पर रोजगार को बढ़ावा देने के लिए कई पहल कर रही है। एडीसी ने प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण कार्यक्रम का अधिक से अधिक लाभ उठाने का भी आग्रह किया और उन्हें इस लाभकारी ज्ञान को अपने तक सीमित न रखने बल्कि जिले के अन्य वयस्कों को भी प्रशिक्षित करने के लिए कहा। इस मौके पर रमन कुमार प्रिंसिपल आईटीआई अब्दुल राशिद, आईटीआई के अधिकारी और प्रशिक्षु मौजूद थे।