राजोरी। जिले की थन्नामंडी तहसील के साज बावली इलाके में स्थित जम्मू-कश्मीर बैंक की शाखा को लूटने की कोशिश की गई। लुटेरे सेफ का ताला तोड़ने में असफल रहे। सीसीटीवी में आई फुटेज के आधार पर पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात्रि को गांव में सड़क किनारे बैंक शाखा में चोरों ने दरवाजा तोड़कर बैंक लूटने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार चोरों ने पहले बैंक का चेन गेट का ताला तोड़ा और उसके बाद दरवाजा तोड़ा, और बैंक के भीतर घुस गए।चोरों ने सबसे पहले बैंक में लगे सीसीटीवी को तोड़ दिया और अन्य सामानों को भी तोड़ दिया, लेकिन वे बैंक में जमा पैसे चुराने में विफल रहे। चोरों ने सेफ को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वो इसमें सफल नहीं हो पाए।
शाखा प्रबंधक ने बताया कि बैंक कर्मियों से सूचना मिलते ही तत्काल थन्नामंडी पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि वारदात की बारीकी से जांच की जा रही है। बैंक में लगे सीसीटीवी की डीवीआर में हुई रिकॉर्डिंग की मदद से चोरों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने एफएसएल की मदद से फिंगर प्रिंट्स और अन्य सबूत भी जुटा लिए है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस संबंध में जल्द ही महत्वपूर्ण प्रगति होगी और चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।