दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षा बलों ने एक युवक को पिस्तौल व कारतूस के साथ गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान राहिल शौकत डार निवासी राजपोरा पुलवामा के रूप में हुई है। युवक के परिजनों ने हाल ही में उसके लापता होने की सूचना राजपोरा थाने में दर्ज कराई थी।
पुलिस के अनुसार, 44 राष्ट्रीय राइफल्स और सीआरपीएफ की 18वीं बटालियन ने पुलिस के साथ पचहर राजपोरा पुलवामा में नाका लगाया था। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया, लेकिन उसने मौके से भागने की कोशिश की और संयुक्त पार्टी पर गोली चलाने का भी प्रयास किया। हालांकि, सतर्क नाका पार्टी ने उसे पकड़ लिया। उसकी तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल और कई कारतूस बरामद किए गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।