एक्स सर्विसमैन यूनियन ने राष्ट्रपति का आभार जताया
लंबित मांगों को जल्दी पूरा करने किया आह्वान
संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। पैरा मिलिट्री फोर्स एक्स सर्विसमैन यूनियन के सदस्यों ने सोमवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का आभार प्रकट करते हुए उनके पैरा मिलिट्री एक्स सर्विसमैन की मांगों को जल्दी पूरा करने का आह्वान किया।
सोमवार को दोपहर को मेंढर में स्थित शहीद स्मारक पर यूनियन के राज्य प्रधान मोहम्मद आयूम खान की अगुवाई में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त हुए लोग एकत्र हुए। उन्होंने प्रेसवार्ता में कहा कि हम राष्ट्रपति का आभार प्रकट करते हैं, जिन्होंने चंद रोज पहले हमारे पांच सदस्यों के प्रतिनिधि मंडल को राष्ट्रपति भवन में मुलाकात करने का अवसर प्रदान किया। यह देश की आजादी के 75 वर्ष में पहला मौका है जब किसी राष्ट्रपति ने पैरामिलिट्री फोर्स के सेवानिवृत्त जवानों एवं अधिकारियों की समस्याएं एवं मांगे सुनने के लिए उन्हें अपने यहां बुलाया है। हमने राष्ट्रपति से मांगों वन रैंक वन पेंशन लागू करने, पुरानी पैरामिलिट्री फोर्स पेंशन योजना को रद्द करने, हमारे बच्चों को प्रतिष्ठित शिक्षा संस्थानों में आरक्षण देने अथवा पैरामिलिट्री फोर्स की तरफ से सेवानिवृत्त जवानों के बच्चों के लिए अपने स्कूल स्थापित करने और नौकरियों में आरक्षण देने जैसी मांगों को उजागर किया। उन्होंने हमारी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। हम राष्ट्रपति का आभार प्रकट करने के साथ ही केंद्र सरकार से मांगों को जल्दी पूरा करने का आग्रह करने के लिए यहां एकत्र हुए हैं।