पुंछ। जिला युवा कार्यक्रम एवं खेल विभाग की ओर से रविवार को पुंछ नगर स्थित कालेज मैदान में जिला स्तरीय अंतर ब्लाक वॉलीबाल टूर्नामेंट का फाइनल मैच प समापन हुआ। जिसे देखने के लिए कालेज मैदान में बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों व गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी रही। टूर्नामेंट में जिले के 11 ब्लाकों की 22 टीमों ने भाग लिया।
टूर्नामेंट के फाइनल मैच की अध्यक्षता जिला युवा कार्यक्रम एवं खेल अधिकारी मोहम्मद कासिम चौधरी ने की। जिला ट्रेजरी अधिकारी रशीद दोस्तन मुख्य आतिथि रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर परिचय प्राप्त किया। जिसके बाद फाइनल मैच मेंढर ब्लाक और नंगाली साहब सांई बाबा ब्लाक के बीच आयोजित हुआ। जिसमें दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने काफी दमखम का प्रदर्शन करते हुए पहले चार सेट में दो-दो की बराबरी कर की, मगर पांचवें सेट में मेंढर के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए तीसरा सेट जीत लिया। जिसके चलते नंगाली साहब सांई बाबा ब्लाक को सीधे सेट में 3.2 से हराकर मैच जीत लिया। इस अवसर पर मुख्य आतिथि ने विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनके खेल प्रदर्शन की सराहना की। वहीं धन्यवाद प्रस्ताव रखते हुए मोहम्मद कासिम चौधरी ने अपने संबोधन में विभाग के सभी कर्मचारियों को धन्यवाद प्रकट किया। उन्होंने कहा कि विभाग की तरफ से इससे पूर्व ब्लाक स्तर पर वॉलीबाल का आयोजन कराया गया था। जिसमें विजेता व उप विजेता टीमों को यहां जिला स्तर पर मुकाबलों में भाग लेने का अवसर प्रदान किया गया है। अब विजेता टीम को अंतर जिला टूर्नामेंट में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर विभाग के सभी जोनल शारीरिक शिक्षा अधिकारियों, शिक्षकों व रैहबरे खेल अधिकारी रहे।