पुंछ। रेहबरे खेल शारीरिक शिक्षकों ने शनिवार को सुरनकोट तहसील के गांव सनेई में दो प्राकृतिक चश्मों और उनके आसपास के क्षेत्र की सफाई की। जिला युवा कार्यक्रम एवं खेल विभाग के इस काम की क्षेत्र के लोगों ने प्रशंसा की है। इस अवसर पर ग्रामीणों से आग्रह किया गया कि वह अपने गांव में स्थित कुदरत के अनमोल उपहार जलाशयों और चश्मों की देख रेख करें।
खेल महानिदेशक डॉ. सलीम उल रहमान के आवाहन पर जिले में प्राकृतिक जलाशयों को साफ एवं स्वच्छ बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को जिले के जिला युवा कार्यक्रम एवं खेल अधिकारी मोहम्मद कासिम और जोनल शारीरिक शिक्षा अधिकारी सुरनकोट विपिन खजूरिया के निर्देश पर रेहबरे खेल शारीरिक शिक्षकों का एक दल गांव सनेई पहुंचा। इस दल की अगुवाई रेहबरे खेल एसोसिएशन जम्मू कश्मीर के प्रवक्ता परवेज अहमद अफरीदी ने की।
सनेई गांव में उन्होंने सबसे मशहूर दो चश्मों की सफाई की। इन चश्मों से क्षेत्र के हजारों लोग अपनी प्यास बुझाते हैं, कपड़े धोते हैं और अपने खेतों की सिंचाई भी करते हैं। इस दौरान दिन भर में दो चश्मों की सफाई करने के साथ उनके आसपास फैली गंदगी को भी उठाया। इस अभियान में मंजूर अहमद राथर, एजाज अहमद, सज्जाद अहमद, इसरार अहमद, जाहिर इकबाल, अलताफ हुसैन, इमरान खान, इरफान यूसुफ, जावेद इकबाल और जमील खान भी शामिल रहे।