पुंछ। मुगलरोड करीब छह माह बंद रहने के बाद बुधवार से सभी लोगों एवं वाहनों के लिए खोल दी जाएगी। यातायात पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश के अनुसार मुगलरोड को पुंछ की तरफ से कश्मीर जाने वाले वाहनों को ही मार्ग पर चलने की अनुमति रहेगी। अभी साफ मौसम में मुगलरोड को एक तरफा वाहनों के लिए ही खोला जाएगा।
आदेश में मुगलरोड पर यात्रा करने वाले यात्रियों एवं वाहन चालकों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने एवं निर्धारित समय में ही मार्ग का प्रयोग करने के निर्देश जारी किए गए है। इसके अनुसार पुंछ की तरफ से कश्मीर घाटी को जाने वाले वाहनों को 9 बजे से 3 बजे के बीच बैहरामगल्ला पुलिस चौकी को पार करना होगा। उसके उपरांत किसी वाहन को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं होगी। वहीं ढोकों की तरफ जा रहे बक्करवालों को बिना रुकावट मुगलरोड पर यात्रा करने की अनुमति रहेगी।
गौरतलब है कि छह माह से मुगलरोड बंद होने से पुंछ एवं राजोरी जिलों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां के लोगों द्वारा लगातार मुगलरोड को खोलने की मांग को लेकर प्रदर्शन किए जा रहे हैं। क्योंकि मुगलरोड से बर्फ हटाए जाने के एक माह बाद भी इस पर केवल कश्मीर रेफर किए जाने वाले रोगियों, कश्मीर में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं और नौकरी करने वालों को भी जिला प्रशासन की अनुमति के उपरांत ही निजी वाहनों के माध्यम से यात्रा करने दी जा रही थी। ऐसे में आज मुगलरोड खोलने की घोषणा से आम लोगों एवं व्यापारियों ने राहत की सांस ली है।