पुंछ। मुगल रोड मंगलवार को दो स्थानों पर भूस्खलन होने से दो घंटे के लिए बंद रही। इसके चलते मार्ग पर दोनों तरफ बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन फंस गए। मुगलरोड अथॉरिटी ने जेसीबी मशीन के जरिये मलबे को हटाया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को दोपहर करीब दो बजे सुरनकोट तहसील की तरफ से मुगल रोड पर पनाड़ पुल के पास भूस्खलन हो गया। इस दौरान काफी मात्रा में पत्थर एवं मलबा मार्ग पर आ गिरा। इससे आवागमन बाधित हो गया। इसी बीच पोशाना क्षेत्र में भी एक स्थान पर भूस्खलन हो गया। हालांकि कोई वाहन चपेट में नहीं आया। उधर पता चलते ही मुगलरोड अथॉरिटी के अधिकारियों ने दोनों स्थानों पर से मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनें और कर्मचारी भेजे।