पुंछ। जिले के मेंढर सब-डिवीजन में रविवार सुबह एसओजी और पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान के अंतर्गत मेंढर के कोटा क्षेत्र में छापेमारी कर एक नशा तस्कर को दबोचा है। उसके पास से पुलिस ने 950 ग्राम चरस बरामद की गई। दबोचे गए तस्कर की पहचान मोहम्मद इलियास पुत्र शौकत हुसैन निवासी गांव अढ़ी तहसील मेंढर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ मेंढर थाने में एफआईआर दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को एसएसपी डॉ. विनोद कुमार और एसडीपीओ मेंढर जाहिर हुसैन के निर्देश पर जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी पर कार्रवाई की गई। काम को सफलतापूर्वक अंजाम देने के बाद इस मामले की पुष्टि करते हुए डॉ. विनोद कुमार ने कहा कि पुंछ पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जोरदार अभियान चला रही है।