पुंछ में बसंत पंचमी पर शिवकनेहया मंदिर में शिवलिंग को पीले पुष्पों से सजाते बच्चे
- फोटो : POONCH
पुंछ। जिले में भी विद्या की देवी मां सरस्वती के अवतरण दिवस और वसंत बहार शुरू होने के प्रतीक के पर्व वसंत पंचमी का पर्व शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सनातन धर्म के अनुयाइयों ने घरों में मां सरस्वती की पूजा अर्चना करते हुए विद्या एवं ज्ञान का आशीर्वाद मांगा।
इस अवसर पर अधिकतर लोगों ने पीले वस्त्र धारण करते हुए मां सरस्वती सहित सभी देवी देवताओं का पीले पुष्पों से पूजन किया और पीले रंग के हलवे से भोग लगाया। जबकि वसंत पंचमी पर मंदिरों में भी शिवलिंग एवं अन्य देवी देवताओं का पीले पुष्पों से श्रंगार किया गया। उधर नगर के मोहल्ला शीश महल स्थित मां अन्नपूर्णा मंदिर में गत वर्षों की तरह वसंत पंचमी के उत्सव का आयोजन किया गया। कोरोना महामारी और पाबंदी को देखते हुए मंदिर में गिने चुने लोगों की उपस्थिति में सर्व कल्याण के लिए यज्ञ किया गया। इसके बाद मां अन्नपूर्णा का विशेष श्रंगार एवं पूजन किया गया। उसके उपरांत प्रसाद वितरित किया गया। कोरोना के चले इस बार मां अन्नपूर्णा मंदिर सहित जिले भर में कही भी किसी मंदिर में वसंत पंचमी के उपलक्ष्य में भंडारा आयोजित नहीं किया जा सका।