पुंछ स्टेडियम में राष्ट्रीय हाकी कोच शाम लाल शर्मा को चोथी बरसी पर श्रदांजली अर्पित करते खिलाडी
- फोटो : POONCH
पुंछ। स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय हॉकी कोच स्वर्गीय शाम लाल शर्मा को उनकी चौथी बरसी पर श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने शामलाल शर्मा के महिला हॉकी की जिले में नींव रखने एवं जिले के लिए पहला हॉकी एस्ट्रोटर्फ मंजूर कराने के योगदान पर प्रकाश डाला। उपराज्यपाल प्रशासन और खेल प्राधिकरण से एस्ट्रोटर्फ का नाम शाम लाल शर्मा के नाम पर रखने की मांग की।
स्टेडियम में शाम लाल हॉकी क्लब और पावर हाउस हॉकी क्लब की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हॉकी, क्रिकेट खिलाड़ियों के साथ ही अन्य खेलों के खिलाड़ियों, कोच और शिक्षकों ने भाग लिया। स्टेडियम मैनेजर निर्दोश कुमार, संजीव कुमार, परवेज मलिक अफरीदी, विकास शर्मा, शालू शर्मा, संजय मिसरी, केवल कृष्ण, तनवीर डार आदि ने कहा कि शाम लाल शर्मा ने हॉकी खेल में पुंछ को इस मुकाम तक पहुंचाया है, जिसके कारण आज पुंछ जम्मू-कश्मीर में हॉकी के घर के नाम से जाना जाता है। शाम लाल शर्मा ने 40 वर्ष तक हॉकी के लिए अपना जीवन लगाया। राष्ट्रीय स्तर के कई मैचों एवं एशियाई खेलों में निर्णायक की भूमिका निभाई। उनकी मौत भी राष्ट्रीय खेलों से टीम के साथ लौटते समय राजोरी में सड़क हादसे में हुई। या यूं कहें कि उन्होंने प्राण भी हॉकी के लिए ही दिए।