पुंछ। जिला पुलिस ने शनिवार को जिले की मंडी तहसील के लोरन बटलकोट स्थित साईं इलाही बख्श की जियारत के दानपात्र से नकदी चुराने के एक आरोपी को घटना के कुछ ही घंटे बाद दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान 38 वर्षीय मुमताज अली पुत्र अब्दुल रहमान निवासी बाटीधार मेंढर के रूप में हुई है। मुमताज भेड़ पालन विभाग में कर्मचारी है। आरोपी के खिलाफ लोरन थाने में एफआईआर 1/2019 दर्ज कर आरपीसी की धारा 457, 380 में मामला दर्ज कर ली गई है। आरोपी के पास से 28,635 रुपये भी बरामद कर लिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार शनिवार की देर रात जिले के लोरन बटलकोट स्थित सभी समुदायों की आस्था के केंद्र साईं इलाही बख्श की जियारत का दानपात्र तोड़ कर चोर उसमें से नकदी उड़ा कर ले गए। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी रमेश अंगराल के निर्देश पर डीएसपी हेडक्वार्टर एजाज अहमद बट्ट, एसएचओ मंडी रविंदर रखवाल और एसएचओ लोरन तिलकराज की टीम गठित कर चोरी का मामला सुलझाने के निर्देश दिए। पुलिस ने कुछ ही घंटे में आरोपी चोर को धर दबोचा। पुलिस की तरफ से बताया गया कि आरोपी मुमताज अली पुत्र अब्दुल रहमान निवासी बाटीधार मेंढर 29 मार्च को जियारत पर आया और वहां से दानपात्र तोड़ कर उसमें से 28, 635 रुपये चोरी कर लिया। अपनी मोटर साइकिल जेके 02पी 5423 से वह वहां से पुंछ निकल आया। इस दौरान उसने रास्ते में किसी को अपनी मोटर साइकिल पर लिफ्ट भी दी। इससे कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने कुछ ही घंटे में चोर को पकड़ कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।