पुंछ। गुलपुर सेक्टर में तैनात सेना की गोरखा रेजिमेंट की तरफ से चार दिन पहले पाकिस्तानी अधिकृत क्षेत्र से अवैध रूप से भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ करते हुए दबोचे गए 14 वर्षीय पाकिस्तानी बालक मोहम्मद असमद सूदन पुत्र मोहम्मद बनारस सूदन निवासी गांव भेहरा तहसील तेत्रिनोट जिला रावलाकोट पीओके को रविवार दोपहर बाद पुंछ पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बालक को राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल ले जाकर चिकित्सकीय जांच कराने के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि वीरवार देर शाम नियंत्रण रेखा पर गुलपुर सेक्टर में सेना की 3/3 गोरखा रेजिमेंट के जवानों ने चक्कां दा बाग क्षेत्र में स्थित अग्रिम चौकी छबीली के पास से अवैध रूप से घुसपैठ कर आए इस पाकिस्तानी बालक को दबोचा था। इसके बाद चार दिन से उसे इस पार आने के बारे में पूछताछ की जा रही थी। इसके पूरा होने के बाद उसे पुलिस के हवाल कर दिया गया है।