भारत-पाकिस्तान के बीच रविवार को दूसरे क्रिकेट मैच को देखते हुए नगर में प्रशासन की तरफ से कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। शाम ढलते ही पुलिस को बड़ी संख्या में नगर के अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया था।
विज्ञापन
जिला मजिस्ट्रेट इंद्रजीत की तरफ से एहतियातन नगर को तीन हिस्सों में विभाजित कर तीन मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। नगर के मोहल्ला आलापीर और पावर हाउस में नायब तहसीलदार पुंछ हवेली मारूफ खान को, मोहल्ला रेडियो स्टेशन और मोहल्ला खोड़ी नाड़ में नायब तहसीलदार गुलपुर अख्तर अब्बास को और मोहल्ला पुरानी पुंछ, खालसा चौक, बस अड्डा और मोहल्ला सिटी चौक में नायब तहसीलदार बांडीचेचियां रंधीर सिंह को मजिस्ट्रेट तैनात किया गया।
प्रशासन की तरफ से यह कदम इसलिए उठाए गए, क्योंकि पुंछ नगर में पूर्व के वर्षों में भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच के दौरान अक्सर तनाव उत्पन्न होने की घटनाएं होती रही हैं। प्रशासन के इस कदम का लोगों ने स्वागत किया है।