पुंछ। जिले में कोरोना के संक्रमण के विस्तार को रोकने के लिए साप्ताहिक पाबंदी जारी रही। इस दौरान शनिवार को दिन भर बाजार, व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। केवल दवा, सब्जी और किराना की ही दुकानें खुली रहीं। सड़क से यात्री एवं निजी वाहन नदारद रहे। लोग भी घरों में ही डेरा डाले रहे।
उधर दिन भर जारी बारिश ने पुलिस को काफी सहायता प्रदान की। बारिश से तापमान में गिरावट आने और सर्दी में बढ़ोतरी होने के चलते सभी लोग घरों में रहे। बेवजह कोई बाहर ही नहीं निकला और पुलिस को पाबंदी लागू करने के लिए किसी प्रकार की मेहनत नहीं करनी पड़ी। हालांकि इस दौरान जगह-जगह पुलिस जवान तैनात रहे, और नगरों और कस्बों को आने वाले रास्तों पर मौजूद रह कर केवल आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को ही आगे आने जाने की अनुमति दे रहे थे। इस अवसर पर दिन भर पुंछ नगर सहित जिले के अन्य भागों मंडी, सुरनकोट और मेंढर तहसील मुख्यालयों पर भी पाबंदी प्रभावी तरीके से जारी रहा। पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की तरफ से एनाउंसमेंट करते हुए लोगों को कोरोना से बचाने के लिए घरों में रहने का आह्वान करते नजर आए। गौरतलब है कि जिले में शुक्रवार दोपहर बाद दो बजे से ही पाबंदी लगा दी गई थी।