पुंछ। विद्युत विभाग की तरफ से मंगलवार को एग्जीक्यूटिव इंजीनियर इरशाद हुसैन की अगुवाई में बिजली की चोरी रोकने और अवैध कनेक्शन के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर के कई क्षेत्रों में लोगों के घरों एवं दुकानों में लगाए गए अवैध कनेक्शन काटने के साथ ही मौके पर ही दोषियों से जुर्माना वसूला गया। कई अवैध कनेक्शन मौके पर ही उचित फीस वसूलते हुए नियमित किए गए।
अभियान के दौरान अवैध रूप से चलाए जा रहे एयरकंडीशन के कनेक्शन भी काटे गए। एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ने लोगों से आग्रह किया कि वह बिजली की चोरी रोकने में सहयोग करें। कोई भी व्यक्ति बिजली का अवैध प्रयोग न करें। घर अथवा दुकान के लिए जितना लोड मंजूर है वह उसी के मुताबिक बिजली का प्रयोग करें, ताकि बिजली की सही प्रकार से आपूर्ति कर सकें। लोगों की तरफ से बिजली का अवैध प्रयोग किए जाने से इस गर्मी में ट्रांसफार्मर और तारों पर लोड अधिक होने के कारण अक्सर ट्रांसफार्मर जल जाते हैं, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है। एग्जीक्यूटिव इंजीनियर का कहना है कि एक तो आए दिन जिले में होने वाली आंधी एवं तूफान के कारण भी बिजली ढांचे को काफी नुकसान पहुंच रहा है। इसलिए सभी को बिजली का सही उपयोग करना चाहिए।