पुंछ। सुरनकोट तहसील में रोमियो फोर्स के छह सेक्टर के अधीनस्थ पीरपंजाल के पहाड़ों में तैनात राष्ट्रीय राइफल की दराबा बटालियन ने मंगलवार को अग्निपथ योजना को लेकर जागरूकता एवं नामांकन अभियान का शुभारंभ किया।
पहले दिन सुरनाकोट तहसील के दूरदराज के क्षेत्रों के सैकड़ों युवाओं ने अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर बनने के लिए नामांकन कराया। इन युवाओं ने देश के अन्य युवाओं को इस योजना का लाभ लेने का आह्वान किया। तहसील मुख्यालय स्थित राष्ट्रीय राइफल की टाउन कंपनी के हवाई मैदान में अभियान का शुभारंभ किया गया।
युवाओं को राष्ट्रीय राइफल के अधिकारियों ने अग्निपथ योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। युवाओं के लिए आनलाइन नामांकन प्रक्रिया भी शुरू की। युवाओं का कहना था कि हम पहले से ही इस योजना का लाभ लेने के लिए इंतजार कर रहे थे। सैन्य अधिकारियों ने युवाओं को बताया कि जल्द शारीरिक एवं लिखित परीक्षा के लिए प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित करेंगे, ताकि अधिक से अधिक युवा अग्निवीर के लिए चयनित हो सकें।