पुंछ। सुरनकोट तहसील में सोमवार दोपहर बफलियाज-मड़ा सड़क पर एक अनियंत्रित सेंटरों कार सुरन नदी के पास 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि महिला सहित दो लोग घायल हुए हैं। हादसा तराड़ां वाली क्षेत्र में हुआ है।
बताया जा रहा है चालक कार से नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार खाई में लुढ़क गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों, सेना और पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को कार से निकालकर उपजिला अस्पताल सुरनकोट पहुंचाया। जहां कार चालक नजाकत हुसैन (26) पुत्र मोहम्मद फारूक निवासी मस्तानदरा (सुरनकोट) को मृत घोषित कर दिया गया। घायलों की पहचान चांदनी नजीर (22) पत्नी मोहम्मद तसलीम और मोहसीन अहमद (24) पुत्र मोहम्मद बशीर दोनों निवासी गांव मस्तानदरा के रूप में हुई है। जिनका उपजिला अस्पताल सुरनकोट में इलाज चल रहा है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर करीब 12.50 बजे सेंटरों कार (जेके 02एए 3887) मड़ा से बफलियाज की तरफ आ रही थी। तराड़ां वाली क्षेत्र में चालक नियंत्रण खो बैठा और कार 100 मीटर नीचे नदी के किनारे खाई में जा गिरी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।