भेड़ बलोड़ निवासी महिला की कथित पिटाई के बाद हुई मौत के बाद जीएमसी कठुआ में महिला के पति से उलझते म
- फोटो : KATHUA
कठुआ। भेड़ बलोड़ निवासी 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी कठुआ ले गई। जहां पर पहुंचे मायका पक्ष के लोगों ने सास और पति पर पिटाई करने और हत्या करने का आरोप लगाया। साथ ही मायका पक्ष के लोगों ने मृतका के पति के साथ तीखी नोकझोंक किया और पुलिस से कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
मृतका के पिता रुमान चंद निवासी घाटी ने बताया कि उसकी 30 वर्षीय बेटी रंजना देवी की शादी वर्ष 2015 में भेड़-बलोड़ निवासी संजय कुमार के साथ हुई थी। पहले तो सब कुछ ठीक था लेकिन बाद में उसके साथ अक्सर मारपीट होने लगी थी। इस बारे में कई बार ससुराल वालों से मिलकर उनसे बेटी के साथ इस तरह का व्यवहार न करने की वह फरियाद कर चुके थे। इसके बाद भी हालात में सुधार नही हुआ। उनकी बेटी का पति शराब पीकर दहेज की मांग करते हुए पिटाई करता था। सास भी अपने बेटे का समर्थन करती थी। पंद्रह दिन पूर्व भी उनकी बेटी के साथ मारपीट की गई। इसके बाद से उसकी हालत बिगड़ गई। सूचना पर बेटी के घर गए तो वह बेसुध मिली। बेटी की सही से इलाज न कराने की वजह से उसकी मौत हो गई। मृतका के भाई सतपाल ने आरोप लगाया कि ससुराल में हुई मारपीट का मामला सामने आने के डर से उसका उपचार कठुआ के अस्पताल में करवाने के बजाए कही और करवाया जा रहा था। उन्होंने बहन की मौत के लिए उसके पति और सास को जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस से इस मामले में कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की। सरपंच पृथ्वीपाल सिंह ने बताया कि लड़की के पिता की ओर मदद की गुहार लगाए जाने के बाद उन्होंने कई बार ससुराल पक्ष के साथ बात की लेकिन इसके बाद भी उनके व्यवहार में सुधार नही हुआ। अब जिस तरह से उसकी मौत हुई है वह मायका पक्ष के आरोप को मजबूत बना रही है। लिहाजा इसकी जांचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। थानाप्रभारी ओपी चिब ने बताया कि पुलिस ने मायका पक्ष की शिकायत को संज्ञान में लेकर मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है। धारा 174 में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। दोषी मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।