पानी के लिए प्रदर्शन करते लाोग
- फोटो : अमर उजाला
करडोह गांव के तालाब ने भी ग्रामीणों का साथ छोड़ दिया है। भीषण गर्मी में इसका पानी सूख गया है। इसके चलते गांव में मवेशियों तक के लिए पानी का संकट खड़ा हो गया है। गांव में राशन को समय पर उपलब्ध नहीं कराया जाता है।
राशन, पानी व तालाब की समस्या से परेशान करोड़ गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को जिला सचिवालय परिसर में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद समस्या ज्यों की त्यों बनी है। सरपंच पंजाब सिंह ने कहा कि गांव के लोग पानी, राशन की किल्लत से से परेशान हैं। ऐसे में उन्हें जिला सचिवालय पहुंचना पड़ा है।
गांव में समय पर राशन नहीं मिल रहा है। राशन देने की प्रणाली को उलझा दिया गया है। इससे उपभोक्ताओं को भारी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। इस महीने का राशन अब तक नहीं दिया गया है, जिसके बारे में पूछने पर कोई उचित जवाब नहीं मिला है।
पुष्पा देवी, रतनो देवी, अमृता देवी, वीना देवी ने बताया कि राशन के साथ ही गांव के लोग पानी की समस्या से भी जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी के चलते पानी का स्त्रोत तालाब भी सूख चुका है। इसके कारण कारण पशु-पक्षियों आदि को पानी पिलाने के लिए भी दिक्कतें पेश आ रही है।
गांव के लोग तालाब के पानी का प्रयोग कई कामों के लिए कर लेते थे, लेकिन अब यह सूख चुका है। इसके चलते पानी की भारी कमी पैदा हो गई है। प्रशासन प्राकृतिक जलस्रोत बचाने के लिए गंभीर नहीं है। उन्होंने प्रशासन से तालाब की सफाई कराने की मांग की है।