पेयजल समस्या का समाधान किए जाने की मांग को लेकर सड़क जाम करते वार्ड 10 के लोग। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। पिछले करीब एक दशक से पेयजल संकट से जूझ रहे वार्ड 10 के लोगों का गुस्सा जलशक्ति विभाग के खिलाफ फूट पड़ा है। शनिवार को सैकड़ों लोगों ने वार्ड में व्याप्त पेयजल संकट के विरोध में कठुआ-हटली मोड़ मार्ग को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को विभाग के कार्यालय में जाकर अपने रोष को प्रदर्शित करने की अपील की, लेकिन गुस्साए लोगों ने मौके पर जलशक्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता को बुलाए जाने की मांग पर अड़ गए। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बाधित रही। इसके बाद मौके पर पहुंचे जल शक्ति विभाग के अधिकारी ने जल्द ही पेयजल संकट को दूर किए जाने का आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त कराया।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पंकज शर्मा ने बताया कि पूरे वार्ड में लोग अपने घरों में लगाए गए हैंडपंप के माध्यम से मिलने वाले भूमिगत जल का ही उपयोग करते हैं। गर्मी के मौसम के दौरान जब भूमिगत जल का स्तर नीचे चला जाता है तो उनके हैंडपंप सूख जाते हैं। मार्च महीने से शुरू होने वाली इस समस्या के दौरान ही लोग जल शक्ति विभाग द्वारा आपूर्ति किए जाने वाले पानी पर आश्रित होते हैं। लेकिन दुर्भाग्य यह है कि विभाग 4 महीना भी लोगों को पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं करा पाता है। उन्होंने बताया कि पुराने बस स्टैंड के पास स्थित विभाग के ट्यूबवेल से उनके वार्ड में पानी की आपूर्ति पूर्व में होती थी। करीब 10 साल पहले हुए सड़क निर्माण के दौरान ट्यूबवेल से उनके वार्ड में आने वाली पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसे विभाग द्वारा आज तक ठीक नहीं किया गया है। इस वजह से लोगों को पानी नहीं मिलता है। उन्होंने विभाग से खराब पड़ी पाइप लाइन की जल्द मरम्मत कराए जाने की मांग की। प्रदर्शन में शामिल बिंदिया शर्मा ने बताया कि गर्मी के इस मौसम में पानी न होने से सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को आती है। जिन्हें घर की साफ-सफाई से लेकर कपड़े धोने व अन्य घरेलू काम निपटाने के लिए पानी की जरूरत होती है। पानी की आपूर्ति न होने से रोज उन्हें परेशान होना पड़ता है। ऐसे में उन्हें मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ा है। उन्होंने विभाग से समस्या का जल्द समाधान किए जाने की मांग उठाते हुए कहा कि आज विभाग के अधिकारी के आश्वासन के बाद उन्होंने अपना धरना प्रदर्शन खत्म कर दिया है। लेकिन अगर जल्द समस्या का समाधान नही किया तो वह इससे भी ज्यादा कड़ा रुख अख्तियार करने के लिए मजबूर होंगे। प्रदर्शनकारियों में गणेश शर्मा, संजीव महाजन, पूनम देवी, गौरव शर्मा, कैलाश देवी, राकेश कुमार, विजय कुमार आदि उपस्थित रहे।