कठुआ। सड़क संपर्क की सुविधा से वंचित छन्न रोड़िया पंचायत के बासियां गांव के लोगों ने प्रशासन से उनकी भी सुध लेनी की मांग की है। वीरवार को डीसी कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने डीसी राहुल पांडेय से मिलकर उनके गांव में सड़क पहुंचाए जाने की मांग की।
इस मौके पर गांव के पूर्व नायब सरपंच खेम राज ने बताया कि पंचायत के वार्ड 6 में पड़ने वाले उक्त गांव में आज तक कोई सड़क सुविधा नहीं है। वर्ष 2014 में मनरेगा के तहत गांव को सड़क संपर्क देने के लिए पंचायत के प्रयास से एक ट्रैक्टर रोड का निर्माण किया गया था। समय के साथ वह मार्ग भी अब खत्म हो गया है। इससे अब गांव के दर्जनों परिवारों को छन्न रोड़ियां तक पहुंचने के लिए खेतों का सहारा लेना पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशानी बरसात में होती है। गांव को जाने वाले मार्ग पर पानी भर जाता है। स्कूल जाने वाले बच्चों का घर से निकल भी पाना असंभव हो जाता है। केंद्र सरकार हर गांव को हाईवे से जोड़ने की बात कर रही है लेकिन मात्र डेढ़ किलोमीटर सड़क न होने से इस गांव का सड़क संपर्क पूरी तरह से कटा हुआ है। उन्होंने डीसी से गांव में सड़क निर्माण करवाए जाने की मांग की। ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद डीसी ने कहा कि वह इस बारे में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बात करेंगे, ताकि समस्या के समाधान के लिए कदम उठाया जा सके।
इस मौके पर राज कुमार, नरेश कुमार, रशपाल सिंह, मंगल सिंह, राम पाल आदि भी उपस्थित रहे।