जिला पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शहीदों के परिजनों को सम्मानित करते एसएसपी रोमेश च?
- फोटो : KATHUA
कठुआ। देश की आंतरिक सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा करने के लिए अपने प्राणों का आहुति देने वाले पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि देने के लिए जिला पुलिस लाइन में स्मरण दिवस मनाया गया। एसएसपी रमेश चंद्र कोतवाल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीसी राहुल यादव के साथ पुलिस के आला अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने शहीद पुलिसकर्मियों को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
वीरवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी रमेश चंद्र कोतवाल ने सबसे पहले इस वर्ष शहीद हुए पुलिसकर्मियों के नाम पढ़े। इसके बाद श्रद्धांजलि अर्पित की गई और कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए शहीद परिवारों के सदस्यों को जिला पुलिस द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में एसएसपी ने कहा कि जम्मू कश्मीर पुलिस ने आतंकवाद के साथ-साथ कानून और व्यवस्था की स्थिति को बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का पालन पूरी निष्ठा से किया है। अपनी पुलिस सेवा के दौरान जवानों ने आने वाली हर मुश्किल का सामना करने के लिए वह हमेशा तैयार रहे हैं। इस वर्ष भी अपने इस कर्तव्य का पालन करते हुए पूरे देश में सैकड़ों जवानों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। ताकि देश की एकता और अखंडता को आंच ना आए। वहीं, इस मौके पर डीसी ने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवान सदैव आदरणीय है। उनकी याद में इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना हमारी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। कार्यक्रम के दौरान आईआरपी की 19 वीं बटालियन के कमांडेंट एसएसपी बेनाम तोष, सरदार पृथ्वीनंदन सिंह पुलिस ट्रेनिंग स्कूल कठुआ के प्रधानाचार्य के साथ-साथ नागरिक प्रशासन के अधिकारी व गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।