हाईवे पर हटली मोड़ के पास हाइसे का शिकार कार को हटाते लोग। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। राजबाग थाना क्षेत्र में जसरोटा लिंक मार्ग पर काली माता मंदिर के पास दो मोटरसाइकिल के बीच हुई भिड़ंत में एक मोटरसाइकिल पर सवार पति-पत्नी सहित दूूसरी मोटरसाइकिल का चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। वहीं एक अन्य हादसा हाइवे पर हटली मोड़ के पास हुआ। जहां एक ही लेन में चल रही कार को ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक की तेज टक्कर से कार हाइवे के साथ बने डिवाइडर पर जा चढ़ी। इस दौरान गनीमत रही की इस घटना में कार में सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए। लेकिन सड़क दुर्घटना के चलते वहां जाम की स्थिति बन गई। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त हुई कार को सड़क से हटाकर यातायात बहाल करवा दिया।
शुक्रवार शाम को जसरोटा में हुई मोटरसाइकिलों की टक्कर के बाद घायलों को जीएमसी कठुआ में भर्ती करवाया गया। जहां उनका उपचार जारी है। घायलों की पहचान राजेश वर्मा पुत्र चुन्नीलाल और उसकी पत्नी रितु देवी दोनों निवासी बरनोटी के रूप में हुई है जबकि दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार घायल की पहचान वशिष्ठ पूरी पुत्र कपिल मुनि निवासी कूटा के रूप में हुई है। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।