दुकानों में चोरी के प्रयास की जानकारी देते हटली मोड़ के दुकानदार, संवाद।
- फोटो : KATHUA
कठुआ। पुलिस सुरक्षा इंतजामों के बावजूद शहर में आए दिन होने वाले चोरी के प्रयासों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। बीते रविवार की रात शहर के साथ लगते हटली मोड़ क्षेत्र में चोरों ने पांच दुकानों की बिजली लाइन, सीसीटीवी केबल और टेलीकॉम कंपनी की ऑप्टिकल फाइबर काट दी। हालांकि चोर किसी भी दुकान को नुकसान नहीं पहुंचा सके।
इस घटना का पता दुकानदारों को सोमवार की सुबह तब चला जब वे अपनी दुकानें खोलने के लिए आए। जब उन्होंने दुकानों में बिजली सप्लाई बंद पाई और अपनी सर्विस लाइन पर नजर दौड़ाई तो उन्हें घटना के बारे में पता चल पाया। स्थानीय दुकानदार मंजीत सिंह जसरोटिया ने बताया कि जिस तरह से तारों को काटा गया है, उससे आशंका यह होती है कि चोरों ने पहले सभी दुकानों की लाइन और सीसीटीवी कैमरे बंद कर चोरी की कोशिश की।
लेकिन, दुकानें हाइवे से सटी होने के चलते वे अपने चोरी के प्रयास को अंजाम नहीं दे पाए होंगे। हैरानी की बात यह है कि मात्र सौ मीटर की दूरी पर स्थित हटली मोड़ चौक पर तैनात पुलिस को भी इस घटना का पता नहीं चल पाया। दुकानदारों के शिकायत करने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। दुकानदारों ने सुरक्षा को पुख्ता बनाने के इंतजाम किए जाने की मांग की है।