कठुआ। जिले में स्वच्छ भारत अभियान के तहत महीने भर की गतिविधियों का शुभारंभ हो गया है। शुक्रवार को उपायुक्त राहुल यादव ने अपने कार्यालय से शहर में कचरा संग्रहण करने वाले वाहनों के एक बेड़े को हरी झंडी दिखाकर इसकी शुरुआत की।
इस मौके पर डीसी ने कहा कि स्वच्छ भारत कार्यक्रम के तहत गतिविधियों का एक महीने का कैलेंडर तैयार किया गया है। इन गतिविधियों को अमलीजामा पहनाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों, विभागों और शहरी स्थानीय निकायों को जोड़ा जा रहा है। महीने भर के अभियान के दौरान प्लास्टिक और अन्य कचरा संग्रह लक्ष्य निर्धारित किए हैं।
उन्होंने कहा कि गतिविधियां जिला प्रशासन के आजादी का अमृत महोत्सव समारोह का हिस्सा हैं। स्वच्छता के लिए कार्य योजना की शुरुआत बाजारों, धार्मिक स्थलों, पंचायतों और नगरपालिका वार्डों, आदि जैसे क्षेत्रों से कचरा इकट्ठा करने और उसके उचित निस्तारण के उद्देश्य से की गई है। इसे मासिक गतिविधियों में नियमित रूप से शामिल किया गया है। लोगों से अपील है कि अपने आस-पास स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए आगे आएं और स्वच्छता गतिविधियों में भाग लें।
उपायुक्त ने बताया कि पूरे माह के लिए तैयार की गई योजना के तहत कठुआ नगर परिषद के कचरा एकत्र करने वाले वाहन शहर के विभिन्न हिस्सों से प्लास्टिक कचरा एकत्र करेंगे। वहीं, जिला विकास परिषद के चेयरमैन महान सिंह ने भी लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाने के लिए जनभागीधारी के रूप में भूमिका निभाएं और प्लास्टिक कचरे के संग्रह में मदद करें, जो महात्मा गांधी को उचित श्रद्धांजलि होगी।
जबकि, उपाध्यक्ष रघुनंदन सिंह ने कहा कि स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए स्वच्छ भारत गतिविधियों को एक समग्र दृष्टिकोण के साथ चलाया जा रहा है। जोकि, भारतीय स्वतंत्रता के 75वें वर्ष को आजादी का अमृत महोत्सव के रूप में मनाने का एक शानदार तरीका है। इस मौके पर एडीडीसी पुनीत शर्मा, एसीपी सोहन लाल, डीडीसी सदस्य डीपीओ पीयूष, नगर परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिलीप अबरोल, तहसीलदार मुख्यालय सुनिंदरजीत कौर भी उपस्थित रहीं।
क्लीन इंडिया कार्यक्रम से पूर्व डीसी कार्यालय परिसर में चलाया गया सफाई अभियान, संवाद।- फोटो : KATHUA
शहर के मुखर्जी चौक में नुक्कड़ नाटक पेश कर आम लोगों स्वच्छता का महत्व बताते विद्यार्थी, संवाद।- फोटो : KATHUA