कठुआ। जिला में मौसम का मिजाज सोमवार को दूसरे भी बिगड़ा रहा। शनिवार से दूर दराज इलाकों में जहां बर्फबारी रुक रुक कर जारी थी वहीं रविवार दोपहर बनी के निचले इलाकों में भी भारी बर्फबारी शुरू हो गई। बनी कस्बे में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई।
बनी और मल्हार के कई इलाकों में चार फुट से अधिक हिमपात हुआ है। ढग्गर के पहाड़ों पर चार फीट तक बर्फ जमा हो गई है, तो वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में तीन फुट तक बर्फ जम गई है। डुग्गन, भंडार, डंडी गुट्टू, रौलका, दौलका, छत्रगलां, सरथल, खुडवा, कमलोगलां, मधोता, दौले माता, जोडेयां माता, कोटी चंडियार, दुलंगल, टिटवा, लोआंग में दो से तीन फुट तक बर्फबारी हुई है।
बिलावर के उच्च पर्वतीय इलाकों लोहाई, मल्हार, डुगैन में दो से तीन फुट बर्फ जमी है। मछेड़ी, नानगला में भी सफेद चादर बिछ गई है। उधर, बसोहली के नगाली, सननघाट, झेंखर में भी बर्फ के फाहे गिरे हैं। बिलावर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सुकराला माता मंदिर से मात्र कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर बर्फबारी का सिलसिला रविवार शाम तक जारी रहा है। पहाड़ी इलाकों में लोगों ने मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए खाने-पीने के सामान पहले से ही जुटाना शुरू कर दिया था। उधर, प्रशासन ने भी अपने तौर पर इंतजाम सुनिश्चित कर लिए हैं।
.............
हिमपात के चलते कई लिंक मार्ग बंद
एसडीएम बनी जोगिंद्र सिंह जसरोटिया ने बताया कि बनी कस्बे में रात से ही हिमपात जारी है। बनी-भद्रवाह मार्ग जहां पहले से ही बंद है, वहीं बनी-ढग्गर, बनी-रौलका सहित अन्य लिंक मार्ग भी बर्फबारी के बाद ठप हो गए हैं। बताया कि बनी-बसोहली मार्ग पर भी बर्फबारी के बाद लोगों को एहतियातन यात्रा न करने की सलाह दी गई है। अत्यधिक जरूरी होने पर ही आवागमन करें। बताया कि पहाड़ी इलाकों में राशन की सप्लाई से लेकर मिट्टी का तेल और घरेलू गैस की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है। किसी भी तरह के जानमाल की सूचना नहीं है, हालांकि टीमों को स्थिति पर नजर रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।
.............
बारिश से शीतलहर की चपेट में मैदानी इलाके
पहाड़ी इलाकों में अच्छा हिमपात दर्ज हुआ है। मैदानी इलाकों में देर रात तक जारी बारिश से पूरा जिला शीतलहर की चपेट में आ गया है। ठिठुरन बढ़ने के साथ ही बाजारों में गर्म कपड़ों की बिक्री ने जोर पकड़ लिया है। कठुआ, हीरानगर, बसोहली, महानपुर और बिलावर में मूसलाधार बारिश रविवार रात तक जारी रही। बारिश ने सामान्य जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित किया है।
............
24 घंटे में बरसा 21.5 एमएम पानी
मैदानी इलाकों में पिछले चौबीस घंटे में 21.5 एमएम बारिश दर्ज की गई है। कृषि विज्ञान केंद्र कठुआ के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. विशाल महाजन ने कहा कि पूर्वानुमान के अनुसार ही मैदानी इलाकों में बारिश दर्ज की गई है। रविवार को कठुआ में दिन का अधिकतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बनी के अधिकांश इलाकों में सुबह से तापमान माइनस चार डिग्री सेल्सियस तक जारी है।
..........
बनी कस्बे में गिरे बर्फ के फाहे
रविवार दोपहर एक बजे से बनी कस्बे में भी बर्फ के फाहे गिरना शुरू हो गए। बनी कस्बे में सीजन की यह पहली बर्फबारी है, जिसे लेकर क्षेत्र के लोग खासे उत्साहित दिखे। बर्फबारी को क्षेत्र में होने वाली फसलों के लिए खाद माना जाता है। ऐसे में बनी के किसान भी खुश हैं। किसान मानते हैं बर्फबारी से पहाड़ी इलाकों के जमीन की उर्वरता में इजाफा होता है, चूंकि इसके बाद जमीन कई महीनों तक नम रहती है। लिहाजा फसल भी अच्छी होती है। कस्बे में बर्फबारी का सिलसिला रात तक जारी रहा, जिससे लोगों की दुश्वारियां भी बढ़ी हैं। सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है। बच्चे दिनभर बर्फ के साथ अठखेलियां करते नजर आए। शाम तक बनी में चार से पांच इंच तक बर्फ की परत जम चुकी थी। लोआंग में एक फुट के लगभग बर्फ जम चुकी थी।
...........
खराब मौसम से बिजली ढांचे को व्यापक नुकसान
शनिवार शाम से जारी बारिश और बर्फबारी के बीच बिजली ढांचे को भी व्यापक नुकसान पहुंचा है। लाइन में फाल्ट आने की वजह से बनी के सैकड़ों गांव में बिजली प्रभावित रही। सब डिवीजन के 700 के लगभग ट्रांसफार्मरों में देर रात तक बिजली बहाल हो सकी। विभाग के अनुसार कई इलाकों में कंडक्टर टूटने और खंभे गिरने की जानकारी आ रही है, जो लाइन पेट्रोलिंग के बाद ही पता चल पाएगी। 33 केवी लाइन दोपहर के समय ठप हो गई जिसे बहाल करने के लिए टीमें शाम तक डटी रहीं।
बनी कसबे में सीजन की पहली बर्फबारी के बाद अठखेलियां करता बच्चा- फोटो : KATHUA
डुग्गन के भुलड़ी गांव में स्नो मैन के साथ खड़ा युवक- फोटो : KATHUA