भारतीय सीमा में घुसपैठ की फिराक में एक महीने से बैठे आतंकी सुरक्षा एजेंसियों की चौकसी से बौखलाए हुए हैं। अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे हीरानगर सेक्टर से आतंकियों की घुसपैठ को लेकर एक बार फिर खुफिया इनपुट जारी हुआ है।
ऐसा माना जा रहा है कि श्रीनगर में लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे आतंकी सुरक्षा एजेेंसियों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। हालिया जारी इनपुट के बाद जिले भर में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने की हिदायत दी गई है।
खुफिया सूत्रों के अनुसार जिले की सीमा से सटे स्कूलों को निशाना बनाने की कोशिश की जा सकती है। इसके लिए प्रशिक्षित आतंकियों के दो दल सीमा पार पाकिस्तान में पिछले कई दिनों से सीमावर्ती इलाकों की रैकी करते नजर आए हैं। पहाड़पुर, बोबिया, मनियारी आदि इलाकों के सामने पाकिस्तानी सीमा में एक महीने से संदिग्ध हलचल नजर आ रही है। सुरक्षा एजेंसियां सीमा पर घुसपैठ की हर कोशिश को नाकाम करने को तैयार हैं।
सूत्रों ने बताया कि इस बार आतंकी घुसपैठ के लिए तकनीक का सहारा ले रहे हैं। इसके लिए भारतीय सीमा में ओवर ग्राउंड वर्करों को भी सक्रिय करते हुए मैट्रिक्स सिम कार्ड और व्हाट्सएप का इस्तेमाल किए जाने की आशंका है।
सूत्रों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से आतंकियों पर भारतीय सीमा में दाखिल होने का लगातार दबाव बनाया जा रहा है। इसमें पाकिस्तानी सेना और बार्डर एक्शन टीम उनकी मदद की कोशिश कर रही हैं।
सीमा में घुसने के साथ ही आतंकी नजदीक पड़ती किसी महत्वपूर्ण और बड़ी इमारत पर हमला करने की फिराक में हैं। ऐसे में आतंकियों के घुसपैठ के रूट माने जाने वाले भाग और छाप नाले से सटे इलाके के स्कूलों में आतंकी हमले की कोशिश को लेकर सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट रहने को कहा गया है।