केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के विरोध में डीसी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यक
- फोटो : KATHUA
कठुआ। भारतीय सेना के तीनों अंगों में भर्ती के लिए केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई अग्निपथ योजना का विरोध अब राजनीतिक रंग लेने लगा है। विभिन्न पार्टियां धरना प्रदर्शन कर अपना रोष जता रही है। सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा सत्याग्रह अभियान के तहत डीसी कार्यालय में धरना देकर अग्निपथ योजना का विरोध किया गया।
इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पंकज डोगरा ने कहा कि केंद्र सरकार इस योजना के नाम पर देश के युवा बेरोजगारों के साथ भद्दा मजाक कर रही है। सत्ता में आने से पहले दो करोड़ रोजगार देने करने वाली सरकार ऐसी योजनाएं लाकर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर डोगरा युवा सेना की वर्दी के लिए वर्षों कड़ी मेहनत करते हैं और इसका सम्मान बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास करते हैं। सेना के प्रति इतना जुनून रखने वाले डोगरा युवाओं को 4 साल की नौकरी देना उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करने के अलावा उनकी भावनाओं को आहत करने का प्रयास है। वहीं, इस मौके पर जिला सचिव ने कहा कि 16 साल की उम्र के बाद डोगरा युवा दिन रात सेना की वर्दी के सपने देखता रहता है और उसके लिए कड़ी मेहनत करता है। क्योंकि उसके लिए सैनिक होना रोजगार नहीं गौरव का माध्यम है। इस योजना के माध्यम से मिलने वाली वर्दी उसके बदन से 4 साल के बाद उतर जाएगी, जोकि डोगरा युवा के लिए सबसे अपमानजनक स्थिति होगी। उन्होंने सरकार से योजना पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए कहा कि अगर सरकार अपने इस फैसले पर इसी तरह अड़ी रही तो आने वाले चुनाव में उसे मुंह की खानी पड़ेगी। क्योंकि भारत युवाओं का देश है यहां पर सरकारों का फैसला देश के युवा पीढ़ी करती है।
इस मौके पर अरुण मेहता, परमजीत सिंह पम्मा, कुलबीर पठानिया, योग राज, सतपाल भंडारी, तरसेम सैनी, अब्दुल रशीद, राकेश शर्मा, कमल कांत, सोहन लाल, रविंद्र पाल सिंह नीटू आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।