कठुआ। भगवान नृसिंह की जयंती के उपलक्ष्य पर नृसिंह धाम गोविंदसर में तीन दिवसीय महोत्सव जारी है। दूसरे दिन मंदिर में होने वाले धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में भक्तों ने शामिल होकर भगवान श्री हरि के नृसिंह अवतार का आशीष प्राप्त किया। महोत्सव के चलते मंदिर में सुबह से काफी रौनक देखने को मिली। दिन भर मंदिर में भक्तों ने भजन कीर्तन कर माहौल पूरी तरह से भक्तिमय बना दिया। शाम को पुरोहितों ने मंत्रोचारण कर भगवान का अभिषेक किया। इसके बाद मंदिर में विराजमान भगवान की भव्य प्रतिमा का पंचामृत स्नान और श्रृंगार करने के बाद आरती उतारकर खिचड़ी का भोग लगाया। इसके बाद भक्तों में प्रसाद के रूप में खिचड़ी वितरित की गई। देर शाम तक चले धार्मिक कार्यक्रम में मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ा।
नृसिंह धाम मंदिर के महंत श्रीश्री 108 भगवान दास की अगुवाई में कार्यक्रम के समापन पर रविवार को मंदिर परिसर में भजन सत्संग का आयोजन किया जाएगा। इसमें जम्मू-कश्मीर के अलावा पंजाब, हिमाचल, हरियाणा से आए संतों द्वारा भक्तों के लिए भंडारा खोला जाएगा।