कठुआ। कोरोना के मामलों में कमी आने के बाद प्रशासन ने शहर में रामलीला मंचन की अनुमति दे दी है। इससे शहर में मंचन करने वाले विभिन्न क्लबों में उत्साह देखा जा रहा है। आज से शुरू होने वाले मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जीवन लीला मंचन के लिए क्लबों की तैयारियां अंतिम चरणों में चल रही हैं।
श्री राम नाटक सभा के प्रधान देवेंद्र सिंह अंडोत्रा ने बताया कि एक महीने से दिन-रात तैयारियों में जुटे कलाकार अब भगवान श्री राम की लीलाओं का मंचन करेंगे। हालांकि, इस दौरान कोरोना नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा। मैदान में लोगों के बैठने की विशेष व्यवस्था की गई है। ताकि, उनके बीच सामाजिक दूरी का पालन हो सके। इसके अलावा दर्शकों के लिए मास्क लगाना अनिवार्य है। अगर कोई बिना मास्क आएगा तो क्लब उसे मास्क देगा।
उन्होंने बताया कि इस दौरान मंच से दर्शकों के बीच 15 फीट की दूरी रखी जाएगी। साथ ही रामलीला मंचन को भव्य बनाने के लिए अलग-अलग मंचों से रामलीला के दृश्य दिखाए जाएंगे। सबसे खास बात यह है कि इस बार रामलीला के मैदान में दशहरे के मेले का भी आयोजन किया जाएगा। जिसमें शहर के लोग हिस्सा ले सकेंगे। यह गत वर्ष संभव नहीं हो पाया था।