उच्चापिंड को जाने वाली खस्ताहाल सड़क। संवाद
- फोटो : KATHUA
रामकोट। थड़ा कलवाल से उच्चा पिंड की ओर जाने वाली डेढ़ किलोमीटर सड़क पर बने गहरे गड्ढों को भरने की मांग उच्चा पिंड के लोगों की ओर से की गई।
उच्चा पिंड के रहने वाले सुरेश गुप्ता ने बताया कि थड़ा कलवाल रिंगडी मोड़ की ओर से उच्चा पिंड जाने वाली डेढ़ किलोमीटर सड़क इन दिनों पूरी तरह से खस्ताहाल पड़ी है, जिसके चलते स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि यह सड़क करीब 6 वर्ष पहले पीडब्ल्यूडी विभाग ने बनाई थी और इस पर तारकोल बिछाई गई थी। 6 वर्ष बीत जाने के बाद सड़क की मरम्मत की ओर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दिया गया, जिसके चलते स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि कई लोग उच्चा पिंड की ओर जाने के लिए इसी सड़क से आते हैं लेकिन सड़क की दुर्दशा खराब होने के कारण उनको करीब एक किलोमीटर घूम कर आना पड़ता है। इसके चलते स्थानीय लोगों ने विभाग पर रोष जताते हुए कहा कि विभाग जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत करवाएं, जिससे लोगों को राहत मिल सके।
उच्चा पिंड के संदीप खजूरिया ने बताया कि यह सड़क करीब 5 वर्षों से पूरी तरह से खस्ताहाल पड़ी है, लेकिन विभाग की ओर से सड़क की स्थिति को सुधारने के लिए कोई भी सकारात्मक कदम अभी तक नहीं उठाया गया है। उन्होंने बताया कि करीब 4 बार लोगों की ओर से एडीसी बिलावर से भी सड़क की मरम्मत करने की अपील की गई, लेकिन विभाग अभी तक चुप्पी साधे बैठा है।