सड़क का निर्माण जल्द शुरू किए जाने की मांग को लेकर लोक निर्माण विभाग के कार्यालय के समक्ष प्रदर्श
- फोटो : KATHUA
कठुआ। शहर के वार्ड 12 की सड़क का निर्माण किए जाने की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे स्थानीय युवाओं ने अपनी मुहिम को तेज कर दिया है। शुक्रवार को पांच दिन बीत जाने के बाद युवाओं ने लोक निर्माण विभाग कार्यालय में जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी मांग दोहराई।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे स्थानीय युवा विशु अंदोत्रा ने कहा कि गत दिवस भी उन्होंने सड़क का निर्माण किए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। तब विभाग को सड़क का निर्माण जल्द शुरू करने की चेतावनी दी थी। लेकिन, अब तक विभाग ने कोई पहल नहीं की है। जिसके चलते उन्हें दोबारा विभाग के कार्यकारी अभियंता कार्यालय के सामने आकर धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि वार्ड की सड़क का निर्माण किए जाने के लिए 15 दिन की समय सीमा निर्धारित की है। उसके अंदर अगर विभाग ने कार्रवाई नहीं की, तो इसी कार्यालय के सामने उपराज्यपाल का पुतला जलाने से भी पीछे नहीं हटेंगे। अगर इसके बावजूद भी उनकी मांग पर विभाग ने गौर नहीं किया, तो वह केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह का भी पुतला जलाएंगे। यह सिलसिला तभी बंद होगा जब विभाग उनके वार्ड की सड़क का निर्माण कर देगा।