शहर के शहीदी चौक में पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन करते युवा, संवाद।
- फोटो : KATHUA
कठुआ। पड़ोसी देश पाकिस्तान में हिंदू समुदाय के साथ हो रहे अत्याचार के खिलाफ स्थानीय लोगों ने कड़ा रोष जताया है। शुक्रवार को शहर के शहीदी चौक पर जमा हुए दर्जनों लोगों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान और पाकिस्तानी ध्वज को जलाकर अपना गुस्सा जताया।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे रावी रिवर एक्शन कमेटी के प्रधान मोहिंदर पाल शर्मा ने कहा कि उनका प्रदर्शन किसी भी राजनीतिक दल व संस्था का न होकर आम लोगों का है। वे पड़ोसी देश पाकिस्तान में हिंदुओं के साथ हो रहे अत्याचार पर अपना रोष जता रहे हैं। पाकिस्तान में आए दिन हिंदुओं के साथ जबरिया धर्म परिवर्तन कराए जाने की मामले सामने आ रहे हैं। जगह जगह हिंदुओं के पूजा स्थलों को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। अल्पसंख्यकों के साथ हो रहे इस अत्याचार के खिलाफ वहां की सरकार मौन है। इससे वहां हिंदुओं के खिलाफ ऐसे कृत्यों को अंजाम देने वालों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। लिहाजा वह भारत सरकार से मांग करते हैं कि पाकिस्तान में रहने वाले हिंदुओं को सुरक्षा देने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं।
उन्होंने कहा कि अगर इसी तरह हिंदू समुदाय के साथ वहां अत्याचार होते रहे तो इसके खिलाफ भारत में भी आग भड़क सकती है। जोकि देश की शांति व्यवस्था के लिए किसी भी तरह से ठीक नहीं। इसलिए, सरकार इस मामले में पहल करे। अन्यथा, आने वाले दिनों में स्थिति और खराब हो सकती है। क्योंकि, इसके खिलाफ अब उन्होंने मुहिम शुरू कर दी है। जगह-जगह इसी तरह से धरना प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। ताकि, जम्मू-कश्मीर के हिंदुओं को इसके खिलाफ एकजुट किया जा सके।