आल जेएंडके रिटायर्ड पुलिस पर्सनल/एनजीओ फोरम के पदाधिकारियों ने लंबित मांगों को लेकर शहीद भगत सिंह पार्क में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर उनकी मांगों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जमकर भड़ास निकाली।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व करते हुए फोरम के अध्यक्ष सतपाल शर्मा ने कहा कि 1 जनवरी 1996 को लागू हुए पांचवे वेतन आयो में एएसआई/हेड कांस्टेबल के वेतन में बढ़ोतरी के बजाए कटौती कर दी गई। इसको लेकर अधिकारियों के समक्ष अपनी मांगों को रखा गया था।
उच्चाधिकारियों ने सरकार के समक्ष सुधार का प्रस्ताव रखा था। इसको लेकर वेतन विसंगति समिति का सरकार ने गठन कर प्रधान सचिव को कमान सौंपी थी। वर्षों के बाद भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि इन शिकायतों के आधार पर वेतन विसंगति समिति ने अपनी रिपोर्ट सौंपी जिसके बाद सरकार ने आदेश संख्या 229-एफ आफ 2014 जारी कर वेतन में सुधार किया था। समिति ने शुरुआत से लाभ उपलब्ध करवाने की सिफारिश की थी, जबकि सरकार ने आदेश की तारीख के बाद लाभ उपलब्ध करवाकर समिति कर सिफारिशों का उल्लंघन किया है।