जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज हो गया। पहली बार दो मैदानों पर खेली जा रही इस प्रतियोगिता में राज्य के सोलह जिलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। शनिवार को प्रतियोगिता के दो मैच खेले गए जिनमें गांधरबल ने अनंतनाग और पुंछ ने रियासी को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
पहला मैच गांधरबल और अनंतनाग के बीच खेला गया। मैच में टॉस जीतकर गांधरबल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट खोकर बीस ओवर में 162 रन बनाए। बल्लेबाज शबीर अहमद ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 42 रन बनाए।
वहीं अनंतनाग केउबैद ने चार ओवर में 29 रन देकर एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अनंतनाग की टीम ने बेहतर खेल का प्रदर्शन किया लेकिन टीम लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर सकी। बल्लेबाज जुनैद के अर्द्धशतक (86 रन) के बावजूद टीम 20 ओवर में 155 रन ही बना पाई और सात रन से मैच हार गई।
दूसरा मैच रियासी और पुंछ के बीच खेला गया। रियासी ने टास जीता और पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरे रियासी के बल्लेबाज गुरजोत के तूफान के आगे ढेर हो गए और पूरी टीम अस्सी रन पर ही आलआउट हो गई।
टीम की ओर से रजत और सतनाम ही दोहरे अंक के स्कोर तक पहुंच पाए। उन्होंने 15 और 12 रन बनाए। वहीं गुरजोत ने तीन ओवर में 14 रन देकर तीन बल्लेजबाजों को आउट किया। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुंछ की टीम ने चार विकेट खोकर विजय लक्ष्य प्राप्त कर लिया। सोहेल ने 41 गेंदों पर 44 रन बनाए।
इससे पूर्व आयोजन कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि पीके राव ने खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई। वहीं विभागीय अधिकारी सुभाष चंद्र भारद्वाज ने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मिलाकर राज्य की अंडर-19 टीम तैयार की जाएगी। इस मौके पर विभागीय कर्मचारियों ने मैच अधिकारियों की भूमिका निभाई।