शहर के सबसे पुराने महात्मा गांधी जच्चा-बच्चा अस्पताल का काया कल्प होगा। अस्पताल के पुनर्निर्माण और मरम्मत के लिए सरकार ने 18 करोड़ रुपये मंजूर कर दिए हैं परंतु अभी राशि जारी नहीं हुई है।
कठुआ विधायक चरणजीत सिंह जसरोटिया द्वारा तैयार किया गया प्रस्ताव सरकार ने मंजूर कर लिया है। अब इमारत का निरीक्षण होगा और खराब हो चुकी इमारत को गिराकर फिर बनाया जाएगा और खस्ता हालत इमारत की मरम्मत की जाएगी।
गौरतलब है कि इसके साथ ही मेडिकल कालेज की कक्षाओं का निर्माण पहले से ही चल रहा है। विधायक ने बताया कि दो दिन पूर्व ही सरकार ने प्रस्ताव को मंजूर किया है।
उन्होंने कहा कि लोगों द्वारा बार-बार की जा रही शिकायतों की सूची तैयार कर सरकार के पास भेजी थी और इसके साथ ही निर्माण एजेंसी के साथ मिलकर मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए मसौदा तैयार करवाया था।
इसके बाद कुल 18 करोड़ रुपये का प्लान तैयार हुआ था। जिसे सरकार को पिछले साल भेजा गया था। सरकार ने प्रस्ताव को मंजूर कर दिया है।
गौरतलब है कि जच्चा बच्चा अस्पताल शहर का सबसे पुराना अस्पताल है जिसकी खस्ता हालत को लेकर लोगों ने कई बार धरना प्रदर्शन के साथ सरकार को कई मांग पत्र भी सौंपे हैं। अब प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद लोगों की आस जगी है।